- अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत की खबर, हादसे के बाद वाहन चालक फरार
- सड़कों पर गड्ढों और निर्माण कार्य में लापरवाही पर उठे सवाल, जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी
मुंगेली। जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व मंत्री एवं विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन दास मोहले की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बिलासपुर-मुंगेली मार्ग पर एक अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां कुछ समय बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना में अधीन दास मोहले सहित तीन लोगों की मौत होने की खबर है। हादसे के बाद संबंधित वाहन और उसका चालक मौके से फरार हो गए।
- सड़क हादसों ने बढ़ाई चिंता, आखिर कब जागेगा प्रशासन?
जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता, रखरखाव और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिलासपुर से कवर्धा तक सड़क निर्माण कार्य के दौरान बरती जा रही कथित लापरवाही, जगह-जगह बने गड्ढों और ठेकेदारों की उदासीनता के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद सड़कों की स्थिति सुधारने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
- चातरखार के पास भी गड्ढे के कारण हुई थी दुर्घटना
पिछले सप्ताह पंडरिया रोड पर चातरखार के पास सड़क के गड्ढे के कारण मोटरसाइकिल सवार एक महिला की मौत होने की घटना भी सामने आई थी। लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसों के बावजूद सड़कों की मरम्मत, सुरक्षा इंतजामों और जिम्मेदारों की जवाबदेही को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
- लापरवाही पर कार्रवाई और सड़कों की मरम्मत की मांग
बिलासपुर-मुंगेली मार्ग पर हुई ताजा दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था की गंभीरता को उजागर किया है। स्थानीय स्तर पर सड़कों की बदहाल स्थिति और निर्माण कार्यों में कथित लापरवाही को लेकर चिंता बढ़ रही है। अब जरूरत है कि संबंधित विभाग सड़कों की स्थिति का निरीक्षण कर गड्ढों की मरम्मत कराए, दुर्घटनाजनक स्थलों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करे और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करे, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।