हिंदू वाहिनी कार्यकर्ताओं ने जिन्ना टॉवर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की कोशिश पुलिस ने लिया हिरासत में

आंध्र प्रदेश: गुंटूर में आज हिंदू वाहिनी कार्यकर्ताओं ने जिन्ना टॉवर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की कोशिश की जिसके बाद पुलिस ने इन्हें हिरासत में ले लिया। गुंटूर के शहर एसपी आरिफ हफीज ने कहा कि पुलिस ने 15-20 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है और उन्हें एक स्थानीय पुलिस स्टेशन भेज दिया गया है। उन्हें आज बाद में रिहा कर दिया जाएगा।

तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया


गुंटूर शहर के कोथापेट इलाके में गणतंत्र दिवस पर निषेधाज्ञा का उल्लंघन कर मोहम्मद अली जिन्ना टावर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की कोशिश करने के आरोप में कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। बुधवार को इस क्षेत्र में तनाव फैल गया क्योंकि हिंदू वाहिनी संगठन से होने का दावा करने वाले कुछ लोगों ने शहर के जिन्ना टॉवर सेंटर तक मार्च करने और तिरंगा फहराने की कोशिश की। इन्हें रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।

पिछले कुछ समय से भाजपा और अन्य हिंदू संगठन मांग कर रहे हैं कि गुंटूर में जिन्ना टॉवर का नाम बदल दिया जाए। उन्होंने धमकी दी कि अगर जगन मोहन रेड्डी सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो वे इसे ध्वस्त कर देंगे। इसके बाद गुंटूर के पुलिस अधिकारियों ने जिन्ना टॉवर के पास किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिसबल को तैनात किया था।

संगठन से जुड़े कुछ युवकों ने इसे अंजाम देने के लिए टावर तक मार्च करने की कोशिश की लेकिन हमने इसे नाकाम कर दिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। उन्होंने कहा कि शांति भंग करने की कोशिश करने वाले युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *