दिल्ली:भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर ली है। उसने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए दूसरे मैच में मेहमान वेस्टइंडीज को आठ रन से हरा दिया। भारतीय टीम ने सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल की ली। घरेलू मैदान पर टीम इंडिया की ये लगातार छठी टी20 सीरीज जीत है। टी20 में भारत की ये 100वीं जीत है।
रोहित शर्मा ने पूर्णकालिक कप्तान बनने के बाद सीरीज में जीत की हैट्रिक लगा ली है। इससे पहले टीम इंडिया उनकी कप्तानी में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 और वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज जीती थी। मैच में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 186 रन बनाए। जवाब में विंडीज टीम 20 ओवर में तीन विकेट पर 178 रन ही बना सकी।
वहीं, वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू मैदान पर भारत ने लगातार तीसरी बार टी20 सीरीज को अपने नाम किया है। कैरेबियाई टीम पहली बार 2018 में भारतीय जमीन पर तीन मैचों की सीरीज खेली थी। तब टीम इंडिया 3-0 से विजयी रही थी। इसके बाद 2019 में भारत ने वेस्टइंडीज को 2-1 से हराया था। ओवरऑल रिकॉर्ड को देखें तो भारतीय टीम विंडीज से पांचवीं टी20 सीरीज जीती थी।