जैन आचार्य जिन पीयूषसागर सूरिश्वर जी महाराज का मुंगेली आगमन पर भव्य स्वागत

मुंगेली। जैन आचार्य जिन पीयूषसागर सूरिश्वर जी महाराज का अपने शिष्य मण्डल सहित मुंगेली आगमन पर जैन समाज द्वारा भव्य स्वागत किया गया। आचार्य प्रवर की अगुवानी हेतु नगर में विगत दिवस पधारे मुनि भगवंतों एवं साध्वी वृंद के साथ जैन समाज के वरिष्ठजनों सहित सभी ने रायपुर मार्ग पर उपस्थित होकर भव्य अगुवानी की।

मालूम हो कि आचार्य प्रवर ग्रामानुग्राम विहार करते हुए स्थानीय मुमुक्षु संयम पारख की दीक्षा अनुमोदना कार्यक्रम में निश्रा प्रदान करने मुंगेली पधारे हैं। संयम पारख की भागवती दीक्षा 23 जनवरी को महासमुंद में होगी। संयम के भावों की अनुमोदना करने हेतु स्थानीय जैन समाज ने आचार्य प्रवर एवं साध्वी मंडल की निश्रा में 3 दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया है, जो कि 28 दिसम्बर से 31 दिसम्बर तक चलेगा।

रायपुर मार्ग से आचार्य प्रवर के नगर आगमन होते ही झूलेलाल मंदिर के पास से भव्य शोभायात्रा प्रारंभ हुई, जो कि नेहरु चौक, महाराणा प्रताप चौक, परमेश्वरी चौक, भगवान महावीर स्वामी चौक होते हुए सदर बाजार स्थित जैन मंदिर पहुंच कर सम्पन्न हुई। स्थान-स्थान पर सभी समाज के लोगों ने आचार्य प्रवर श्री जिनपीयूष सागर सूरिश्वर जी का अक्षत, श्रीफल आदि से अभिनंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। युवकों की टोली ने भाव विभोर होकर सुंदर नृत्य किया। मुमुक्षु संयम पारख के निवास स्थान के पास आचार्य प्रवर एवं साध्वी मण्डल का पारख व चोपड़ा परिवार ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। शोभायात्रा में बैण्ड पार्टी, नर्तक दल, भजन मण्डली सहित श्रद्धालुगण संयम जीवन के जयकारे लगाते रहे।

जैन मंदिर पहुंचने पर सुमतिनाथ भगवान के दर्शन वंदन के पश्चात श्रीमती बीरोबाई लोढ़ा हाल में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें जिसमें सर्वप्रथम आचार्य प्रवर जिन पीयूषसागर सूरिश्वर जी महाराज ने मंगलाचरण एवं आशीर्वचन दिया। मुनि भगवंत सम्यकरत्न सागर जी महाराज ने संयम पारख के भावों की अनुमोदना करते हुए मुंगेली संघ को आशीर्वाद प्रदान किया। मुंगेली नगर के अनमोल रत्न संकल्परत्न सागर जी महाराज ने संयमी जीवन पर प्रकाश डालते हुए मुंगेली के माटी के संस्मरण सुनाए। साध्वीरला प्रशांतमना प्रियंकरा श्री जी म.सा. ने अपने सारगर्भित प्रवचन में जिन शासन की व्यवस्थाओं को रेखांकित किया। मनीष चोपड़ा, श्रेयांस गोलछा, मनीष पारख ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मनोहर महिला मण्डल ने स्वागत गीत गाया। सुमति संस्कार पाठशाला के बच्चों ने सुंदर भावनृत्य प्रस्तुत किया। मुमुक्षु संयम पारख ने अपने वैराग्य पूरित विचार रखे। सभा का संचालन अभय चोपड़ा ने किया। अतिथिगण का अभिनंदन सुमतिनाथ जैन श्वेताम्बर मंदिर ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी अनोपचंद बैद एवं दीक्षा अनुमोदना समिति के अध्यक्ष विनय लूनिया ने किया। तीन दिवसीय कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी की उपस्थिति हेतु निवेदन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *