रायपुर। खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस के बाद अब भाजपा ने भी उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। केन्द्रीय चुनाव समिति ने उप चुनाव के लिए पूर्व विधायक कोमल जंघेल के नाम पर मुहर लगाई है। दिलचस्प बात ये है कि कोमल पहले भी दो बार खैरागढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। 2018 का आम विधानसभा चुनाव वे महज 870 वोटों के अंतर से हारे थे।
भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति की पिछले सप्ताह हुई बैठक में 10 दावेदारों के नामों पर चर्चा हुई थी। इस दौरान एक-एक दावेदार की सामाजिक-राजनैतिक पृष्ठभूमि पर बात हुई। इस पर जोर सामाजिक समीकरण और जीत की संभावना पर ही था। अंत में तीन नामों का एक पैनल बनाया गया। इसमें पूर्व विधायक कोमल जंघेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह और डोमेश्वरी जंघेल का नाम था।