रायपुर। राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में पूर्व प्रधानमंत्री प्रियदर्शनी इंदिरा गांधी की जयंती पर पंचायती राज सम्मेलन हुआ। इस दौरान युवाओं में मंत्री टीएस सिंहदेव के प्रति बड़ा लगाव दिखा। लोगों के बीच ‘बाबा’ के नाम से लोकप्रिय पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव जब अपना संबोधन दे रहे थे तब युवाओं ने टीएस बाबा जिंदाबाद की पेंटिंग बना कर अपना उत्साह दिखाया, तो कुछ ने मंत्री के साथ सेल्फी भी ली।
बता दें कि अपने सीधे सरल और सौम्य विचारों के लिए जाने जाने वाले प्रदेश के पंचायत एवं स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव युवाओं के बीच खासे लोकप्रिय हैं। कई मौकों पर वे प्रदेश की जनता के साथ घुलमिल कर खुद ही सेल्फी लेने लगते हैं। सिंहदेव, प्रदेश की जनता चाहे वह किसी वर्ग की हों उनकी पूरी बात सुनकर ही जवाब देते हैं और समस्याओं का निदान करते हैं। इसलिए वे आम जनता के बीच खासे लोकप्रिय है, जिसकी एक बानगी आज पंचायती राज सम्मेलन में देखने को मिली।
राजधानी रायपुर स्थित इंडोर स्टेडियम में प्रदेश कांग्रेस की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय पंचायती राज कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी समेत पंच, उपसरपंच, सरपंच, बीडीसी मेम्बर, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सदस्य भी उपस्थित रहे। बता दें कि सम्मेलन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कई महत्वपूर्ण ऐलान भी किए।
पंचायती राज सम्मेलन को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्य कांग्रेस नेता कन्हैया अग्रवाल, छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष शफी अहमद पूरी रात आयोजन स्थल पर डटे रहे, आज शुक्रवार सुबह से वन औषधि बोर्ड के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक अपनी टीम के साथ व्यवस्था के लिए निर्देश देते रहे। सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए आयोजन कमेटी ने सभी कांग्रेस जनों और प्रदेश भर से पहुंचे पंचायत प्रतिनिधियों का आभार जताया है।

