Breaking- मदकूद्वीप पहुंचे मोहन भागवत, पूजा-अर्चना के बाद समाज प्रमुखों के साथ बैठक की तैयारी

मुंगेली। रायपुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मदकू द्वीप में संघ के तीन दिवसीय घोष वर्ग प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के लिए आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत पहुंच गए हैं। यहां उन्होंने हरिहर आश्रम पहुंचकर भगवान गणेश की पूजा अर्चना की। इस दौरान उन्होंने पौराणिक भूमि में शमी के पौधे भी लगाए। दोपहर भोजन के बाद मोहन भागवत संघ पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। इसके बाद घोष वर्ग के आयोजन में शामिल होंगे। सुबह रायपुर से रवाना होने के बाद मोहन भागवत 11. 45 बजे मदकू द्वीप पहुंचे। उन्होंने मांडुक्य ऋषि की भव्य प्रतिमा के दर्शन एवं उनकी प्राचीन कथाओं को हरिहर आश्रम के संत रामस्वरूप से सुना। हरिहर आश्रम कुदिया में अखंड रामायण के दर्शन भी किए। इससे पहले भाजपा के दिग्गज नेताओं के साथ ही संघ पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उनके साथ विशेष रूप से शांता राम जी, दीपक विष्पूते, प्रेम सुथार, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, विधानसभा नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, सांसद अरुण साव, विधायक शिवरतन शर्मा, दयालदास बघेल, रजनीश सिंह, कृष्णमूर्ति बांधी सहित रायपुर मुंगेली बिलासपुर जिले के भाजपा पदाधिकारी संघ परिवार के पदाधिकारी व स्वयंसेवक मौजूद रहे। दोपहर में भोजन के बाद मोहन भागवत संघ पदाधिकारियों से मुलाकात कर बैठक लेंगे। इसके बाद संघ के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। संघ प्रमुख मोहन भागवत इस दौरान विभिन्न समाज प्रमुखों के साथ बैठक भी करेंगे। ऐसे में माना जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में बढ़ते धर्मांतरण के साथ पर्यावरण सुरक्षा व ग्रामीण विकास को लेकर वे अपनी बात रख सकते हैं। धर्मांतरण के मुद्दे पर संघ के स्थानीय पदाधिकारियों से रिपोर्ट भी लेंगे। इस आयोजन के दौरान कार्यकर्ता सम्मेलन भी होगा। इसमें भी मोहन भागवत मुख्य वक्ता रहेंगे। गौरतलब है कि शिवनाथ तट पर स्थित पौराणिक महत्व वाला यह द्वीप मांडुक्य ऋषि की तपोस्थली है, यहां के तटवर्ती क्षेत्रों में आदि मानवों के रहने के प्रमाण भी मिले है। पुरातत्व विभाग को ईसवी सन के शुरुआती दौर के गुप्तकाल और 11वीं सदी के कल्चूरी काल की मूर्तियां भी मिली है। मदकूद्वीप में बड़ी संख्या में सैलानी आते रहते हैं।

संघ कार्यकर्ताओं को देंगे मार्गदर्शन

मदकू द्वीप पर संघ के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। गौरतलब है कि संघ प्रमुख ने गुरुवार को ही संघ के प्रांतीय कार्यालय में संघ की आगामी योजनाओं को लेकर प्रदेश भर से आए संघ के प्रचारकों और संघ के प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक ली थी।

घोष के कार्यक्रम का करेंगे निरीक्षण

संघ प्रमुख मदकू द्वीप में आयोजित संघ के घोष (बैंड) शिविर के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहाँ रायपुर और बिलासपुर के 100 से अधिक स्वयंसेवक घोष का वादन करेंगे, जिसका निरीक्षण संघ प्रमुख भागवत करेंगे।

मोहन भागवत, संघ के घोष वादन के निरीक्षण के बाद स्वयं सेवकों को मार्गदर्शन देंगे। संघ प्रमुख को सुनने पूरे प्रदेश से हज़ारों की संख्या में स्वयंसेवकों के मदकू द्वीप पहुँचने का सिलसिला सुबह से ही शुरु हो गया है।

पुरातन गणेश मंदिर के किए दर्शन

संघ प्रमुख मोहन भागवत ने मदकू द्वीप पहुंचते ही सबसे पहले वहां स्थित पुरातन कालीन गणेश मंदिर में गणेश जी का दर्शन किया। गणेश पूजन के बाद उन्होंने पौधारोपण किया। वे श्रीश्री मदकु ऋषि की भव्य प्रतिमा के दर्शन और उनकी प्राचीन कथाओं को हरिहर आश्रम के संत श्री श्री रामस्वरूप से चर्चा कर हरिहर आश्रम कुटिया में पहुंचे और वहां चल रहे अखंड रामायण के आयोजन का दर्शन कर लोगों से चर्चा की, उसके बाद उन्होंने मदकूद्वीप का अवलोकन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *