मुंगेली जिले में 72 वें गणतंत्र दिवस मनाने की तैयारी शुरू

मुंगेली : मुंगेली जिले में 72 वें गणतंत्र दिवस को मनाने की तैयारी शुरू हो गई है। गणतंत्र दिवस समारोह को जिले में गरिमामय वातावरण में मनाने के लिए कलेक्टर श्री अजीत वसंत की अध्यक्षता में आज जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में बैठक संपन्न हुई। बैठक में कहा गया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह जिला मुख्यालय स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित होगा।

कलेक्टर श्री वसंत ने मुख्य समारोह के आयोजन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दायित्व सौंपते हुए आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिये। बैठक में उन्होंने कहा कि मुख्य अतिथि प्रातः 9 बजे परेड की सलामी लेंगे तथा मुख्यमंत्री जी के जनता के नाम संदेश का वाचन करेंगे।उन्होंने कहा कि नोवल कोरोना वायरस के संक्रमण को दृष्टिगत रखते हुए गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्कूली बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे और न ही विभागीय झांकी निकाली जाएगी।तहसील और जनपद पंचायत स्तर पर सार्वजनिक समारोह आयोजित नहीं होंगे। जनपद पंचायत कार्यालयों में जनपद पंचायत अध्यक्ष और नगरीय निकायों में नगरीय निकायों के अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। पंचायत मुख्यालयों में सरपंच एवं बड़े गावों में गावों के मुखिया द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा और सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गान गाया जाएगा।


कलेक्टर श्री वसंत ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह के लिए मैदान की ट्रेक लाइनिंग, पेयजल, फायर ब्रिगेड व्यवस्था की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और वन विभाग को दी है। इसी तरह समारोह स्थल पर शामियाना, टेंट, माइक, कुर्सी, ध्वनि विस्तारक यंत्रों की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग और विद्युत यांत्रिकी के कार्यपालन अभियंता एवं मनियारी जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता को संयुक्त रूप से दी है।

समारोह स्थल पर मोबाइल टॉयलेट, साफ-सफाई की जिम्मेदारी मुंगेली नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को दिये। समारोह स्थल पर साज-सज्जा के लिए जिला शिक्षा अधिकारी और उद्यानिकी एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों को दी गई। आमंत्रित समस्त अतिविशिष्ट व्यक्तियों की बैठक व्यवस्था की जिम्मेदारी मुुंगेली अनुविभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और मुख्य नगर पालिका अधिकारी मुंगेली को दिए। आमंत्रण पत्र एवं प्रशस्ति पत्र मुद्रण की व्यवस्था की जिम्मेदारी जिला पंचायत के मुख्य कार्य पालन अधिकारी को दी गई। आमंत्रण पत्रों का वितरण तहसीलदार मुंगेली के सहयोग से समय पूर्व करने के भी निर्देश दिये गये।

समारोह स्थल पर आने वाले अतिथियों के लिए मिष्ठान की व्यवस्था मुख्य नगर पालिका अधिकारी मुंगेली और जिला शिक्षा अधिकारी करेंगे। गुब्बारे की व्यवस्था जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र के महाप्रबंधक को जिम्मेदारी दी गई। गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल जी के संदेश की व्यवस्था के लिए जनसंपर्क विभाग के सहायक संचालक को निर्देश दिए। शहीदों के परिवार को ससम्मानजनक आमंत्रित करने की जिम्मेदारी तहसीलदार मुंगेली को दी गई और उन्हे सम्मानपूर्वक कार्यक्रम स्थल पर लाने एवं ले जाने की व्यवस्था रक्षित निरीक्षक पुलिस लाईन को दी गई है। समारोह स्थल पर आपात चिकित्सा हेतु एम्बुलेंस सहित चिकित्सक के दल की तैनाती के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिये गये। संपूर्ण कार्यक्रम की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी का दायित्व कृषि उपज मण्डी मुंगेली के सचिव को सौपा गया। 24 जनवरी को प्रातः 8 बजे से कार्यक्रम की अंतिम रिहर्सल होगी। बैठक में कहा गया कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत किये जायेंगे।

इस संबंध में 20 जनवरी तक सूची संयुक्त कलेक्टर को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्य पालन अधिकारी श्री रोहित व्यास, मुंगेली अनुविभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री अमित कुमार और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद थे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *