रायपुर। राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत देवेन्द्र नगर तिराहा स्थित नमस्ते चौक पर चार युवक बीच सड़क पर स्विफ्ट कार क्रमांक सी जी 04 एम पी 0980 को खड़ी कर डांस करते हुए हुडदंग कर रहे थे, और यातायात को बाधित कर रहे थे। वहां अन्य राहगीरों ने हुडदंगियों को समझाया, पर वे नहीं माने, और हुड़दंग के बाद कार में निकल भागे। जिसका वीडियो फुटेज पुलिस को प्राप्त हुआ, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल खोजबीन करते हुए 4 युवकों को धरदबोचा।
आम नागरिक ने भेजा था वीडियो
पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल द्वारा जारी ट्वीट के मुताबिक किसी नागरिक ने सड़क पर पर हो रहे हुड़दंग की वीडियो बना ली और पुलिस को भेज दिया। इसे गंभीरता से लेते हुए उप पुलिस अधीक्षक यातायात सतीश ठाकुर एवं थाना प्रभारी गंज दुर्गेश रावटे को वाहन एवं उसमें सवार व्यक्तियों के संबंध में पतासाजी कर आवश्यक कार्यवाही करने निर्देशित किया गया।
थाना गंज एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा वाहन हुड़दंगियों की पतासाजी करते हुए कुणाल कुमार जैन पिता उत्तम जैन निवासी अनुग्रह अपार्टमेंट ई ब्लॉक 507 गोंदवारा, प्रवीण कुशवाहा निवासी आजाद चौक, आजाद खान निवासी अनुग्रह अपार्टमेंट ई ब्लॉक 507 गोंदवारा और एडवर्ड निकोलस निवासी भारत माता चौक को उरला के पास गिरफ्तार कर लिया है।