कांकेर: कांकेर में फिर एक कंकाल मिला है। इसके बहुत सारे हिस्से को जानवर नोच कर ले जा चुके थे। ऐसे में सिर्फ खोपड़ी और कुछ अन्य हिस्से ही बरामद हो सके हैं। उसके पास मिले कपड़ों के टुकड़ों से किसी महिला या युवती का होने का अंदेशा जताया जा रहा है। पुलिस ने कंकाल को जांच के लिए फॉरेंसिक में भेज दिया है। इसके साथ ही आसपास गुमशुदा हुए लोगों को लेकर भी जांच की जा रही है। मामला नरहरपुर थाना क्षेत्र का है।
हल्बी चौकी के पलेवा में चीरचार पहाड़ी पर एक नर कंकाल पड़े होने की सूचना ग्रामीणों ने कोटवार को दी थी। इस पर उसने पुलिस को बताया। पुलिस पहुंची तो वहां पेड़ के नीचे कंकाल के टुकड़े पड़े थे। पुलिस को आशंका है कि तेंदुआ जंगल की ओर गई महिला या युवती को खींच कर ले गया था। इसके चलते शव के टुकड़े नहीं मिल सके हैं। फिलहाल पुलिस हत्या की बात से इनकार कर रही है।

इससे करीब 9 दिन पहले 21 जनवरी को मिली युवती की लाश के मामले की गुत्थी पुलिस अब तक सुलझा नहीं पाई है। युवती का शव सड़ी-गली हालत में गोविंदपुर में किराना व्यापारी के मकान के पीछे मिला था। हालत इतनी बुरी थी कि पोस्टमॉर्टम में भी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। अब पुलिस को बिसरा रिपोर्ट का इंतजार है। हालांकि परिजनों ने कपड़े के आधार पर उसकी पहचान दीपिका उसेंडी के रूप में की थी।