एनटीपीसी परीक्षा में अनियमितता का आरोप लगाते हुए छात्रों ने ट्रेनें की जाम

पटना:रेलवे की एनटीपीसी परीक्षा में अनियमितता का आरोप लगाते हुए छात्रों ने राजेंद्र नगर टर्मिनल पर अप व डाउन रेल लाइन को जामकर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह बाधित कर दिया। घंटों रेलवे ट्रैक जाम रहने के कारण रेलवे की ओर से कई गाड़ियों को परिवर्तित मार्ग से चलाया गया। दो दर्जन से अधिक ट्रेनें घंटों इस प्रदर्शन की भेंट चढ़ी गईं। रात में उग्र छात्रों ने राजेंद्र नगर कोचिंग काम्प्लेक्स में खड़ी कुर्ला एक्सप्रेस की एक बोगी में आग लगा दी। हालांकि इस दौरान ट्रेन में कोई यात्री नहीं बैठा था। ट्रेनों को जहां-तहां रोके जाने के कारण यात्री भोजन-पानी को भी तरस गए।

राजेंद्र नगर टर्मिनल से नई दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस एवं संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस को पहले रिशिड्यूल कर राजेंद्र नगर टर्मिनल से देर रात 9.10 बजे एवं 9.25 बजे नई दिल्ली के लिए रवाना करने की घोषणा की गई। छात्रों के बवाल को देखते हुए राजधानी व संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस को रद करने का फैसला लिया गया। इसके साथ ही 13288 राजेंद्र नगर टाटा एक्सप्रेस, 12352 हावड़ा एक्सप्रेस व 13201 कुर्ला एक्सप्रेस को रद कर दिया गया।

पटना जंक्शन व पटना सिटी समेत तमाम स्टेशनों पर ट्रेनें खड़ी रहीं। भागलपुर से नई दिल्ली जाने वाली विक्रमशिला एक्सप्रेस को रेलवे ट्रैक जाम होने के कारण वाया किउल-गया-डीडीयू आनंदविहार भेजा गया। दो घंटे तक पटना जंक्शन पर खड़ी 13402 भागलपुर इंटरसिटी एवं 18626 कोशी एक्सप्रेस को वाया पाटलिपुत्र-हाजीपुर-शाहपुर पटोरी-बरौनी होकर चलाया गया। इस्लामपुर से नई दिल्ली जाने वाली मगध एक्सप्रेस को फतुहा स्टेशन पर ही रोककर रखना पड़ा।

इसमें आज मंगलवार को राजधानी पटना सहित नालंदा, नवादा, सीतामढ़ी, बक्सर, आरा और मुजफ्फरपुर में कैंडिडेट ने रेलवे ट्रैक पर जोरदार प्रदर्शन किया। इसकी वजह से नालंदा में आउटर पर दिल्ली जा रही श्रमजीवी और दिल्ली से आने वाली श्रमजीवी ट्रेन रुकी रही। वहीं, बक्सर में अहमदाबाद-बरौनी एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेन का परिचालन बाधित रहा। इधर, मुजफ्फरपुर जंक्शन पर भी आक्रोशित छात्रों ने ट्रेनें रोक दी। नवादा में भी पुलिस पर रोड़ेबाजी की गई और मेंटेनेंस ट्रेन में आग लगा दी गई।

वहीं वैशाली में हावड़ा- काठगोदाम एक्सप्रेस 45 मिनट तक रुकी रही। छात्रों ने सीतामढ़ी में जमकर बवाल काटा। पुलिस समझाने गई तो उन पर पथराव कर दिया। छात्रों पर काबू पाने के लिए पुलिस ने 25 राउंड फायरिंग भी की। आरा में पथराव कर रहे छात्रों पर काबू पाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी छोड़े।

वहीं, नवादा में भी अभ्यर्थियों का आंदोलन शुरू हो गया है। 2000 से अधिक हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने नवादा रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर रेल ट्रैक को जाम कर नारेबाजी की। छात्रों ने नवादा रेलवे स्टेशन पर पथराव किया। रेलवे ट्रैक मेंटेनेंस इंजन में आग लगाई दी। रेलवे ट्रैक पर लगे पेंडू क्लिप को कबाड़ दिया। इतना ही नहीं छात्रों ने रेलवे ट्रैक को भी नुकसान पहुंचाया और रेल थाना हमला कर दिया। छात्रों के पथराव में जिला पुलिस बल का जवान रविंद्र सिंह जख्मी हुए हैं। स्टेशन प्रबंधक AK सुमन के मुताबिक, रेल परिचालन शुरू करा पाना मुश्किल है। कामाख्या, जमालपुर पैसेंजर गया स्टेशन पर खड़ी है। एक मालगाड़ी तिलैया स्टेशन पर खड़ी है।

छात्र संघ के जिला अध्यक्ष कुंदन राज ने बताया कि परीक्षा के बाद बोर्ड नियमों में परिवर्तन करके रिजल्ट जारी करता है। इसके कारण मेधावी छात्रों का रिजल्ट नहीं हो पाता है। बोर्ड जो भी नियम बनाए परीक्षा के पहले बनाए। ताकि हम लोग उसी तरह से तैयारी करें। इस बार के रिजल्ट में रुपए का खेल चला है। इसके कारण रिजल्ट में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई है। अब रेलवे भर्ती बोर्ड ग्रुप डी के परीक्षा में गड़बड़ी कर रहा है।

कौन-कौन सी ट्रेन हुई प्रभावित

राजगीर-नई दिल्ली श्रमजीवी एक्सप्रेस अप डाउन 12391-12392
दानापुर राजगीर इंटरसिटी -13234
राजगीर- बख्तियारपुर पैसेंजर 03623
हावड़ा- काठगोदाम एक्सप्रेस
बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस
इसके अलावा करीब आधा दर्जन मालगाड़ी ट्रैक जाम रहने की वजह से प्रभावित हो रही है।

अब रेल मंत्रालय की ओर से सार्वजनिक सूचना जारी की गई है। इसमें कहा गया है कि रेल की पटरी पर विरोध प्रदर्शन, ट्रेन संचालन में व्यवधान और रेल की संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने की गतिविधियों में शामिल होना अनुशासनहीनता का उच्चतम स्तर है। विशेष एजेंसियों की सहायता से ऐसी गतिविधियों से संबंधित वीडियो की जांच की जाएगी। इसके बाद इनमें शामिल उम्मीदवारों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्हें रेलवे की नौकरी प्राप्त करने से आजीवन प्रतिबंधित भी किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *