माँ महामाया के दरबार में ध्वजा अर्पण के साथ पूर्ण हुई विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में निकली बेलतरा की ध्वजा यात्रा

  • 171 किलोमीटर पैदल चलकर विधायक सुशांत ने पूरी की यात्रा
  • सप्तमी पर ढोल-ताशों की गूँज, शिव तांडव और राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों ने मन मोहा
  • जगह जगह हुआ भव्य स्वागत,पंडरिया विधायक भावना बोहरा हुई शामिल

बिलासपुर। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में विगत सात दिनों से जारी 171 किमी की भव्य धार्मिक ध्वजा यात्रा का शनिवार को सप्तमी के पावन अवसर पर माँ महामाया मंदिर, रतनपुर में विधिवत ध्वजा अर्पण के साथ श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में ऐतिहासिक समापन हुआ। सात दिनों तक चली इस यात्रा ने गाँव-गाँव में माँ महामाया के जयकारों, सनातन संस्कृति के गौरव और सामाजिक समरसता का अनुपम संदेश दिया।
अंतिम दिवस की यात्रा रानीगांव से प्रारंभ हुई। सुबह से ही श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्तिभाव देखने को मिला। भगवा ध्वजों, ढोल-ताशों की गूँज और माँ महामाया के गगनभेदी जयकारों के बीच यात्रा मदनपुर से होते हुए सिद्धि विनायक मंदिर पहुची।

अंतिम दिवस की यात्रा में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोकसंस्कृति और सनातन परंपराओं की मनमोहक झलक देखने को मिली। ढोल-ताशों की ऊर्जावान धुन, शिव तांडव की प्रभावशाली प्रस्तुति और राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। धार्मिक प्रस्तुतियों और जयकारों के बीच आगे बढ़ती यात्रा ने पूरे मार्ग को भक्तिमय उत्सव में बदल दिया। प्रमुख आकर्षण सिद्धि विनायक मंदिर के पास आयोजित भव्य स्वागत समारोह रहा।

स्वागत स्थल पर धार्मिक उत्साह और जनसहभागिता का विशेष दृश्य देखने को मिला। इसके पश्चात विधायक श्री सुशांत शुक्ला के साथ हजारों श्रद्धालुओं का विशाल कारवाँ माँ महामाया मंदिर, रतनपुर के लिए रवाना हुआ। ढोल-ताशों की गूँज, शिव तांडव की प्रस्तुति, राधा-कृष्ण की झांकियों और गगनभेदी जयकारों के बीच यात्रा अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ती रही।इस दौरान पंडरिया विधायक भावना बोहरा की सहभागिता ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। हजारों श्रद्धालुओं के साथ आगे बढ़ती यात्रा में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकजुटता का अद्भुत संगम देखने को मिला।

-माँ महामाया के दरबार में विधिवत ध्वजा अर्पण, सात दिवसीय यात्रा का भव्य समापन

हजारों श्रद्धालुओं के साथ यात्रा माँ महामाया मंदिर, रतनपुर पहुँची, जहाँ माता के जयकारों और श्रद्धाभाव के बीच विधि-विधान से पावन ध्वजा अर्पित की गई। इसके साथ ही बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में सात दिनों से निरंतर चल रही भव्य ध्वजा यात्रा माँ महामाया के चरणों में समर्पित होकर संपन्न हुई।ध्वजा अर्पण का पावन क्षण पूरी यात्रा का आध्यात्मिक चरम रहा। श्रद्धालुओं ने माँ महामाया के दर्शन कर बेलतरा विधानसभा सहित समस्त क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। सात दिनों तक गाँव-गाँव में उमड़ी श्रद्धा और जनसहभागिता अंतिम पड़ाव पर माँ के दरबार में एक साथ समर्पित हुई।
इस अवसर पर विधायक सुशांत शुक्ला ने माँ महामाया की कृपा और बेलतरा की जनता के अपार स्नेह के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए संकल्प लिया कि यह पावन ध्वजा यात्रा हर वर्ष इसी श्रद्धा, भव्यता और सामाजिक समरसता के साथ निकाली जाएगी।

-सात दिनों तक गाँव-गाँव में गूँजा माँ महामाया का जयकारा….

विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में निकली यह ध्वजा यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जनआस्था, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक एकजुटता का व्यापक उत्सव बनकर सामने आई। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र की लगभग 48 ग्राम पंचायतों से जुड़ी इस यात्रा ने विभिन्न गाँवों और समाजों को माँ महामाया की भक्ति के सूत्र में पिरोया। अंतिम दिवस की यात्रा में विधायक सुशांत शुक्ला के परिवार से धर्मपत्नी छाया शुक्ला एवं बहन श्वेता पांडेय शुक्ला सहित परिवार के सदस्य शामिल हुए।

-विधायक सुशांत शुक्ला ने भावुक होकर जताया बेलतरा की जनता का आभार, हर वर्ष यात्रा निकालने का लिया संकल्प

ध्वजा यात्रा के सफल समापन पर विधायक सुशांत शुक्ला ने भावुक वक्तव्य देते हुए कहा कि यह यात्रा उनके लिए केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि माँ महामाया के प्रति अटूट आस्था और बेलतरा परिवार के साथ उनके आत्मीय संबंधों की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा, “माँ महामाया की असीम कृपा से सात दिनों तक चली यह पावन ध्वजा यात्रा आज सफलतापूर्वक पूर्ण हुई है। इस पूरे आयोजन के दौरान बेलतरा विधानसभा के गाँव-गाँव में मुझे और हमारी पूरी यात्रा को जो प्यार, सम्मान, आशीर्वाद और अपार स्नेह मिला है, उसे शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। कहीं माताओं-बहनों ने आरती उतारकर स्वागत किया, कहीं युवाओं ने उत्साह के साथ यात्रा को आगे बढ़ाया, कहीं बुजुर्गों ने आशीर्वाद दिया, तो कहीं बच्चों ने अपनी मुस्कान और झांकियों से हमारा मन जीत लिया। हर गाँव, हर समाज और हर परिवार ने जिस आत्मीयता से हमें अपनाया, वह मेरे जीवन की अविस्मरणीय पूँजी है।”
विधायक श्री शुक्ला ने आगे कहा, “मैं बेलतरा के अपने सभी परिवारजनों, मातृशक्ति, युवाओं, बुजुर्गों, सामाजिक संगठनों, ग्राम पंचायतों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, श्रद्धालुओं और इस यात्रा को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले प्रत्येक व्यक्ति के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।

-पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने दी बधाई

यात्रा में सहभागी बनीं पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने आयोजन की भव्यता, श्रद्धालुओं की व्यापक सहभागिता और बेलतरा की जनता के उत्साह की सराहना करते हुए विधायक सुशांत शुक्ला तथा समस्त बेलतरा विधानसभा क्षेत्रवासियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा, “बेलतरा विधानसभा में सात दिनों तक जिस श्रद्धा, अनुशासन और भव्यता के साथ ध्वजा यात्रा का आयोजन किया गया, वह अत्यंत सराहनीय है। विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में माँ महामाया के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का एकजुट होना हमारी समृद्ध सनातन परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की सुंदर अभिव्यक्ति है। इस आयोजन ने समाज के विभिन्न वर्गों को एक सूत्र में जोड़ने का प्रेरणादायी कार्य किया है।”
श्रीमती बोहरा ने कहा, “मैं इस सफल और भव्य आयोजन के लिए विधायक श्री सुशांत शुक्ला जी तथा बेलतरा की समस्त जनता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देती हूँ। माँ महामाया की कृपा सभी पर बनी रहे, प्रत्येक परिवार सुखी और समृद्ध रहे तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारा निरंतर बढ़ता रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *