जांजगीर-चाम्पा। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के तुस्मा गांव में दो युवकों ने धारदार हथियार से पंच की हत्या कर दी है। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद गांव के पानी टंकी में चढ़ कर बैठ गए और मीडिया के आने के बाद नीचे उतरने की जिद करते रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को मीडिया के सामने ही नीचे उतारा।
जमीन विवाद बनी हत्या की वजह
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शिवरीनारायण थाना के तुस्मा गांव में पंच भागवत साहू की रक्तरंजित लाश मिली है, जहां दो सगे भाई सहित कुमार केंवट और सुनील कुमार केंवट ने जमीन विवाद की वजह से पंच की हत्या कर दी।
आरोपी सहित कुमार केंवट ने बताया कि पंच भागवत साहू ने उनकी जमीन को किसी के पास फंसा दिया है उस व्यक्ति ने इनके परिवार की जमीन पर घर भी बना लिया है, मगर इन्हें पैसे नहीं मिले।
बार-बार पंच भागवत साहू के चक्कर काट कर उनका परिवार परेशान था। इसकी वजह से इन लोगों ने पंच भागवत साहू की हत्या करने का फैसला किया और धारदार हथियार से दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।