नई दिल्ली:भारत में कोरोनावायरस (Coronavirus in India) के मामलों में पिछले कुछ दिनों में इजाफा देखने को मिल रहा है। इस वजह से सरकार की चिंता बढ़ गई है।
वहीं आधिकारिक सूत्रों ने बताया है कि कोरोनावायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट (Omicron Variant) ने भारत में डेल्टा वेरिएंट (Delta Variant) की जगह लेना शुरू कर दिया है। भारत में कोरोना की दूसरी लहर के पीछे डेल्टा वेरिएंट का ही हाथ था। इसके अलावा, दुनियाभर में डेल्टा वेरिएंट की वजह से ही मामलों में इजाफा हुआ था, अब ओमिक्रॉन वेरिएंट के तेजी से फैलने की वजह से भी चिंताएं बढ़ने लगी हैं।
0.ओमिक्रॉन वेरिएंट के 309 नए मामले
भारत में ओमिक्रॉन वेरिएंट (Omicron Variant in India) के पिछले 24 घंटे में 309 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद ओमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित लोगों की संख्या 1,270 हो गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार तक ओमिक्रॉन के 1,270 मामले आए हैं, जिनमें से 374 लोग स्वस्थ हो गए या देश छोड़कर चले गए हैं। भारत में 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश से आए ओमिक्रॉन के मामलों में से महाराष्ट्र में सबसे अधिक 450 मामले आए। इसके बाद दिल्ली में 320, केरल में 109 और गुजरात में 97 मामले सामने आए हैं।