किसान न्याय योजना वाले राज्य में धान खरीदी में करोड़ों का घोटाला!, मुंगेली में रसूखदारों के रिश्तेदार के नाम फर्जीवाड़ा, अपनी ही जांच रिपोर्ट का पालन नहीं करवा पाई सरकार

मुंगेली। विकास खण्ड लोरमी के सेवा सहकारी समिति सुरेठा में वर्ष 2021-22 में धान खरीदी के दौरान पंजीयन एवं धान खरीदी के कार्य में अनियमितता की जांच के बाद आज तक कोई कार्यवाही नहीं हो पाई।

इस मामले में कलेक्टर ने लोरमी अनुविभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को जाॅच कर जाॅच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये थे। कलेक्टर श्री वसंत ने प्राप्त जाॅच रिपोर्ट के आधार पर धान खरीदी केंद्र प्रभारी राजेश कश्यप, आपरेटर जितेन्द्र कश्यप, बारदाना प्रभारी मन्नू कश्यप तथा हल्का पटवारी राजकुमार पाटले के विरूद्ध एफआईआर (पुलिस में प्रथम सूचना रिपोर्ट) दर्ज कराने के लिए सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी को निर्देश दिये हैं।

इसी तरह धान विक्रय करने वाले ग्राम बांधा के कृषक हेमलाल ग्राम देवरहट के टेकराम निवासी, ग्राम बांधा रामसेवक चंद्राकर, ग्राम कुदुरताल के मालिक राम, ग्राम बांधा के श्रीमति देवकी बाई/ अमृत चंद्राकर, ग्राम बोईर पारा के श्री सुरेश और ग्राम गैंजी के कृषक कलेश राम पर कार्यवाही कर वसूली करने के भी निर्देश दिए हैं।

जांच में सामने आया था फर्जी तरीके से रकबा बढ़ाकर धान बेचने का मामला

मामले की जानकारी देते हुए जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि धान खरीदी केंद्र सुरेठा में खरीदी के दौरान खरीदी प्रभारी के द्वारा किसान किताब जाॅच करके धान खरीदी कराया जाता है। उपरोक्त शिकायत में कृषक के पास मौजूद रकबे से अधिक रकबे में धान की खरीदी की गई साथ ही उक्त अधिक रकबे शासकीय भूमि थी। जिसे धान खरीदी प्रभारी राजेश कश्यप, आपरेटर जितेन्द्र कश्यप, बारदाना प्रभारी मन्नू कश्यप के द्वारा नजर अंदाज करते हुए धान खरीदी को अंजाम दिया गया।

इसी तरह तहसील लालपुर के हल्का नंबर 34 में पदस्थ पटवारी राजकुमार पाटले के द्वारा शासकीय भूमि को भूमि स्वामी मद में परिवर्तन कर तहसील माडयूल से गलत पंजीयन कराकर धान विक्रय में संलिप्तता पाया गया। इसी क्रम में कृषक हेमलाल पिता बांधा तहसील लालपुर, टेकराम पिता रामसनेही निवासी देवरहट, रामसेवक चंद्राकर पिता अमरीका चंद्राकर निवासी बांधा, मालिकराम पिता कार्तिक निवासी कुधुरताल, श्रीमति देवकीबाई अमृत चंद्राकर निवासी बांधा, सुरेश पिता संतराम निवासी बोईरपारा, कलेश राम पिता चमरू निवासी गैंजी उक्त कृषकों के द्वारा शासकीय भूमि तथा मंदिर की भूमि के खसरे को अपने पंजीयन में संलग्न करा कर धान विक्रय किया गया है। उक्त व्यक्तियों पर उचित कार्यवाही कर वसूली करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *