बिलासपुर। अस्पताल में इलाज कराने आई महिला से जान पहचान बढ़ाकर पीड़िता से दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस अस्पताल के कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला बिलासपुर के मामला कोनी थाना क्षेत्र का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 30 साल की महिला अपने पति व बच्ची के साथ रहती हैं। कुछ समय पहले उनकी तबीयत खराब थी। इस दौरान वह सरकंडा के खमतराई रोड स्थित प्रथम अस्पताल में इलाज कराने जाती थी।
वहां जांजगीर के अकलतरा क्षेत्र के सोनादुला में रहने वाला विजय पटेल से उसकी मुलाकात हुई। विजय अस्पताल में काम करता है। दोनों में बातचीत शुरू हुई तो विजय उसके घर भी आने लगा।
महिला ने पुलिस को बताया कि 29 अक्टूबर को पति किसी काम से बाहर गए थे। तब रात के समय विजय घर में घुस आया और जबरदस्ती करने लगा। महिला ने विरोध किया तो उससे मारपीट की और दुष्कर्म किया।
सुबह जब महिला का पति घर पहुंचा, तब उसने आप बीती बताई। इसके बाद पति-पत्नी दोनों रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाना पहुंचे। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।