जशपुर। मतांतरण को लेकर छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक बार फिर बीती रात जमकर हंगामा हुआ। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने स्थिति पर काबू पाते हुए चार धर्म प्रचारकों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया है। मामला जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम सुखबासुपारा का है।
जनजातीय सुरक्षा मंच के जिला उपाध्यक्ष चंद्रदेव ग्वाला ने बताया कि बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम पसिया के आश्रित ग्राम सुखबासुपारा में 19 दिसंबर से धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन दिलीप कुमार के घर में चल रहा था। जानकारी मिलते ही जनजातीय सुरक्षा मंच के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। मामले को लेकर आयोजक और मंच के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस होने लगी। घटना की सूचना पर बगीचा थाना प्रभारी एसआर भगत टीम के साथ सुखबासुपारा पहुंची। टीम के साथ नायब तहसीलदार ने भी मौके पर पहुंचकर पूछताछ की।
बगीचा थाना प्रभारी एसआर भगत ने बताया कि प्रार्थी हरिराम की शिकायत पर आरोपी धर्म प्रचारक अरुण कुजूर, बसंत लकड़ा, सलमोन तिग्गा, दिनो कुजूर के विरुद्ध धारा 295 (ए ), 34 और छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम 1968 की धारा 4 के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
मामले में मतांतरण की शिकायत मिली थी। मामले में चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
.विजय अग्रवाल, एसपी जशपुर