बिलासपुर:शुक्रवार को जिला अधिवक्ता संघ का चुनाव हंगामे और गहमागहमी के बीच हुआ। मतदान के दौरान वकीलों के मोबाइल से फोटो खींचने को लेकर जमकर विवाद हुआ। इस दौरान दो वकीलों के मोबाइल भी जब्त किए गए, जिसे मतदान के बाद वापस कर दिया गया। चुनाव में शाम 4 बजे तक 1750 सदस्यों में 1213 वकीलों ने मतदान किया। शनिवार सुबह 11 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी और नतीजे घोषित किए जाएंगे।
जिला न्यायालय परिसर में सुबह 11 बजे मतदान शुरू हुआ। चुनाव के लिए परिसर में मतदान के लिए 16 काउंटर बनाए गए थे। इस दौरान सुबह से ही परिसर में गहमागहमी का माहौल रहा। दोपहर बाद परिसर में मतदान करने वाले वकीलों की भीड़ बढ़ गई। मतदान के दौरान चुनाव अधिकारियों ने मोबाइल से फोटो खींचने पर प्रतिबंध लगाया था।


इस दौरान दो नॉनप्रेक्टिशनर वकील अपने मोबाइल से वोट डालते हुए फोटो लेने लगे। इस पर चुनाव अधिकारियों से उनकी बहस भी हुई। चुनाव अधिकारियों ने दोनों के मोबाइल जब्त कर लिए। मतदान शाम 4 बजे तक चला। चुनाव के लिए अलग-अलग पद के लिए अलग-अलग मतपेटियों की व्यवस्था की गई थी। मतदान के बाद सभी प्रत्याशियों की मौजूदगी में मतपेटियों को सील बंद कर दिया गया।
चुनाव अधिकारियों ने बताया कि जिला अधिवक्ता संघ की मतदाता सूची में मतदान के लिए 1750 वकीलों के नाम थे। इसमें से 52 वकीलों ने डॉक मतपत्र के माध्यम से मतदान किया। जबकि 1161 वकीलों ने परिसर में जाकर मतदान किया। कुल 1213 वकीलों ने चुनाव में मतदान किया। बताया गया कि चुनाव में 69.31 वोट पड़े।



अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव सहित इन पदों के लिए हुआ चुनाव
जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव के लिए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के दो पद के साथ ही सचिव, सहसचिव, कोषाध्यक्ष, ग्रंथालय सचिव, ग्रंथालय सहसचिव एवं सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव, कार्यकारिणी सदस्य के 6 एवं एक कार्यकारिणी सदस्य (महिला) समेत 17 पदों के लिए चुनाव हुए। इसमें अध्यक्ष पद के लिए अधिवक्ता लक्ष्मीनारायण शर्मा, अधिवक्ता चंद्रशेखर वाजपेयी और अधिवक्ता शैलेष सिंह के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार हैं।